पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि अगर श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) आईपीएल 2026 में कप्तानी करते हुए पंजाब किंग्स की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उनके अगले भारतीय टी20I कप्तान बनने की संभावना है।
Shreyas Iyer हो सकते हैं अगले कप्तान
बता दें कि अय्यर हाल ही में टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनी टीम इंडिया का हिस्सा भी नहीं थे। आकाश चोपड़ा जिस श्रेयस अय्यर पर कप्तानी का दांव लगा रहे हैं, उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार 2023 में टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। वो पिछले 3-4 सालों से ODI टीम का तो रेगुलर हिस्सा हैं, लेकिन क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत के लिए खेलने का मौका बहुत कम मिला है।
क्या बोले आकाश चोपड़ा?
31 साल के अय्यर ने भारत की तरफ से अभी तक 51 T20I खेले हैं और 30.66 की औसत और 136.12 के स्ट्राइक रेट से 1104 रन बनाए हैं। बड़ा सवाल ये है कि पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर पर क्यों दांव लगाना चाहते हैं? उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि श्रेयस अय्यर, मुझे लगा था कि वो टी20 विश्व कप टीम में जरूर आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
Shreyas Iyer का IPL कप्तानी में शानदार रिकॉर्ड
मुझे लगता है कि मध्य क्रम में एक जगह खाली हो सकती है। तो क्या श्रेयस अय्यर वहां आ सकते हैं? अगर वो एक बार फिर कप्तानी के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हैं, तो शायद वो भारत के अगले टी20 कप्तान बन सकते हैं। क्यों नहीं? श्रेयस अय्यर भले ही T20I में टीम इंडिया में जगह नहीं बना रहे हैं, लेकिन आईपीएल में बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है।
अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स फाइनल तक पहुंची थी। फिर 2024 में अय्यर ने कोलकाता नाइट राइडर्स का नेतृत्व किया और ये टीम चैंपियन बनी। 2025 में वो पंजाब किंग्स के कप्तान बने और फाइनल तक का सफर तय किया। आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स ने 14 मैचों में 9 जीत दर्ज की और 4 हार का सामना करना पड़ा। PBKS पॉइंट्स टेबल पर पहले स्थान पर थी।



