अक्षय तृतीया को बेहद शुभ दिन माना जाता है। साल 2026 में 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया है और खास बात ये है कि इस दिन त्रिपुष्कर योग भी बना रहेगा। आपको बता दें कि त्रिपुष्कर योग तब बनता है जब रविवार, मंगलवार या शनिवार के दिन द्वितीया, सप्तमी या द्वादशी तिथि हो। साथ ही कृतिका, पुनर्वसु, उत्तराफाल्गुनी, विशाखा, उत्तराषाढ़ा और पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में से कोई नक्षत्र विद्यमान हो। बता दें कि अक्षय तृतीया के दिन रविवार है साथ ही इस दिन सुबह 10 बजकर 52 मिनट तक द्वितीया तिथि रहेगी उसके बाद तृतीया तिथि शुरू होगी। वहीं इस दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट से कृतिका नक्षत्र है, इसलिए इस साल अक्षय तृतीया पर त्रिपुष्कर योग बना रहेगा। आपको बता दें कि त्रिपुष्कर योग के दिन कोई भी शुभ कार्य करने से उसका तिगुना फल आपको मिलता है। आइए जान लेते हैं कि अक्षय तृतीया और त्रिपुष्कर योग के शुभ संयोग में क्या कार्य आपको अवश्य करने चाहिए।
अक्षय तृतीया और त्रिपुष्कर योग के शुभ संयोग में जरूर करें ये 5 काम
नया निवेश करना शुभ- अक्षय तृतीया के दिन त्रिपुष्कर योग के चलते आपको इस दिन नया निवेश जरूर करना चाहिए। आपको तिगुना लाभ मिल सकता है। आप शेयर बाजार, बिजनेस, मयूचुअल फंड आदि में निवेश कर सकते हैं।
सोने की खरीदारी- अक्षय तृतीया के साथ ही त्रिपुष्कर योग के होने से 19 अप्रैल को सोना आपको जरूर खरीदना चाहिए। ऐसा करने से भविष्य में इस धातु से आपको तिगुना फल प्राप्त हो सकता है।
नई कला सीखने की करें शुरुआत- इस दिन से अगर आप किसी भी तरह की नई कला या स्किल सीखने की शुरुआत करते हैं तो उससे भी आपको लाभ की प्राप्ति होती है। आप गायन, वादन, नई भाषा आदि सीखना शुरू कर सकते हैं।
बचत खाते की करें शुरुआत- इस दिन से आप नए बचत खाते की शुरुआत कर सकते हैं। ऐसा करने से भविष्य में इस खाते में रखा गया धन आपको तिगुना लाभ पहुंचा सकता है।
धार्मिक अनुष्ठान- इस दिन किसी भी तरह का धार्मिक अनुष्ठान या दान भी आपके लिए शुभ फलदायी साबित होता है। ऐसा करने से आपको ईश्वर का आशीर्वाद तो मिलता ही है साथ ही कई जन्मों के पाप कर्मों से आपको मुक्ति मिलती है।



