महासमुंद : भाजपा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर “गाँव चलो-घर चलो” अभियान के तहत बसना विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क का कारवां तेजी से आगे बढ़ रहा है। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में विधानसभा के विभिन्न ग्रामों में इस अभियान को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में हाल ही में ग्राम कुदारीबाहरा, सलडीह और मण्डल सांकरा के ग्राम रेमड़ा में भव्य जनसंपर्क कार्यक्रम संपन्न हुए, जहाँ विधायक ने न केवल ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, बल्कि घर-घर जाकर शासन की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। ग्राम रेमड़ा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों की सहभागिता अनिवार्य है। विधायक ने आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना और महतारी वंदन योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर जोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य हर गरीब के सिर पर छत, हर घर में जल और हर हाथ को काम देना है।
कुदारीबाहरा और सलडीह में ग्रामीणों से रूबरू होते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने भावुक होकर कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के प्रति हमारी जवाबदेही का प्रतीक है। गाँव की खुशहाली में ही प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली निहित है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल केवल राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि प्राप्त फीडबैक के आधार पर ही आगामी विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी ताकि प्रशासन में पारदर्शिता आए और लोगों को भटकना न पड़े। अभियान के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की जमीनी समस्याओं को बेहद आत्मीयता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने सांकरा मण्डल के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए उन्हें आगामी सांगठनिक कार्यों के लिए पूर्ण समर्पण के साथ जुटने हेतु प्रोत्साहित किया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के इस सघन दौरे ने बसना विधानसभा क्षेत्र में विकास के प्रति एक नया विश्वास जगाया है। कुदारीबाहरा से लेकर रेमड़ा तक गूँजता ‘गाँव चलो-घर चलो’ का नारा अब क्षेत्र में एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। इस दौरा वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल,मंडल अध्यक्ष सांकरा हलधर साहू,महामंत्री भाजपा मंडल सांकरा मनोज बारिक,महामंत्री भाजपा मंडल सांकरा झाडूराम परमार,अध्यक्ष चिकित्सा प्रकोष्ठ सुशील प्रधान, विधायक प्रतिनिधि खेमचंद अग्रवाल, अध्यक्ष युवा मोर्चा सांकरा विजय चौधरी,सरपंच प्रतिनिधि एवं पूर्व जनपद सभापति सोहन पटेल,विजय पटेल,बूथ अध्यक्ष सुखीराम पटेल,गोपीनाथ साहू, गोविंद साहू ,उपसरपंच प्रतिनिधि गोवर्धन यादव, उसत पटेल,देवनाथ पटेल,निर्मल सिदार,घासीदास साय,सचिव निराकार पटेल,उत्तम सिदार ,सांकरा मण्डल के भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में रेमड़ा में आयोजित इस अभियान ने क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया है।



