गर्मियों की छुट्टियों में घर जाने या यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बहुत बड़ी राहत भरी खबर दी है। ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या को देखते हुए रेलवे ने अपनी कमर कस ली है। आगामी तीन महीनों के लिए रेलवे प्रशासन ने देशभर में कुल 18,262 समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। इससे यात्रियों को भीड़ से निजात मिलेगा और उनका सफर आरामदायक हो सकेगा। यह विशेष रेल सेवा 15 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और 15 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे का बड़ा एक्शन:- रेलवे की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, इस तीन महीने की अवधि के दौरान कुल 908 समर स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी दी गई है, जो अपनी यात्रा के दौरान कुल 18,262 चक्कर (ट्रिप्स) लगाएंगी। इन ट्रेनों में से 660 ट्रेनों की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है, जिसके तहत 11,294 ट्रिप पहले से ही बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। रेलवे का यह कदम उन यात्रियों के लिए वरदान है, जो त्यौहारों और छुट्टियों के सीजन में टिकट की मारामारी से परेशान रहते हैं।
सभी जोन में बेहतर कनेक्टिविटी का प्रयास:- इस व्यापक योजना के तहत भारतीय रेलवे ने देश के सभी प्रमुख रेलवे जोनों को शामिल किया है ताकि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को संतुलित रखा जा सके। रेलवे का पूरा प्रयास है कि देश के बड़े शहरों से लेकर छोटे स्टेशनों तक यात्रियों की आवाजाही को सुगम और निर्बाध बनाया जाए।
कैसे मिलेगा यात्रियों को फायदा:- इस बड़े पैमाने पर ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को न केवल कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी, बल्कि यात्रा का तनाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा। व्यस्त मार्गों पर इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से वेटिंग लिस्ट में भारी कमी आएगी और यात्रियों को यात्रा का एक पक्का और आरामदायक विकल्प उपलब्ध होगा। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा करने से पहले अधिकृत वेबसाइट, ऐप या रेलवे काउंटर पर जाकर इन विशेष ट्रेनों की समय-सारणी और उपलब्धता की जांच कर लें। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे भीड़ बढ़ने से पहले ही अपनी टिकट बुक कराएं, ताकि अंतिम समय की भागदौड़ और असुविधा से बचा जा सके।



