कोरिया : जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत की गई है। आज कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान के सफल संचालन को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता विहीन उत्पादों के सेवन से विभिन्न बीमारियां फैलती हैं, इसलिए सघन जांच कर ऐसे उत्पादों पर प्रभावी रोक लगाना आवश्यक है।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर यह अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले में खाद्य एवं औषधि प्रकोष्ठ की दो टीमों का गठन किया जाएगा, जिनमें खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल किए जाएंगे।
औषधि प्रकोष्ठ में सहायक औषधि नियंत्रक, सहायक संचालक (औषधि), औषधि निरीक्षक, नमूना सहायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी जांच कार्य में शामिल रहेंगे।
अभियान के दौरान चाट-गुपचुप सेंटर, जूस एवं गन्ना रस केंद्र, डेयरी उत्पाद विक्रेता, होटल-रेस्टोरेंट, स्वीट शॉप, बेकरी यूनिट, मिड-डे-मील केंद्र, अस्पताल कैंटीन, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर यूनिट, ढाबा, फल-सब्जी विक्रेता तथा आइसक्रीम व कन्फेक्शनरी दुकानों की सघन जांच की जाएगी।
जांच प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित और विधिसम्मत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। अभियान की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नवा रायपुर, अटल नगर को भेजा जाएगा।
बैठक में एडीएम सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर डीडी मंडावी, अनुविभागीय दंडाधिकारी बैकुंठपुर उमेश पटेल, जिला चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रशांत सिंह, एसडीओपी राजेश साहू, ड्रग्स इंस्पेक्टर आलोक मिंज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



