Home छत्तीसगढ़ रायपुर अधिवक्ता संघ चुनाव 2026: दिनेश देवांगन बने अध्यक्ष, राकेश पुरी सचिव...

रायपुर अधिवक्ता संघ चुनाव 2026: दिनेश देवांगन बने अध्यक्ष, राकेश पुरी सचिव निर्वाचित

0

रायपुर : रायपुर अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव में दिनेश कुमार देवांगन ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि राकेश पुरी सचिव निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही संघ की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी गई है।

चुनाव परिणाम देर रात तक चली मतगणना के बाद घोषित किए गए। शनिवार सुबह 10 बजे स्ट्रांग रूम की सील खोलने के साथ मतगणना शुरू हुई। निर्वाचन टीम और प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटियां खोली गईं। कुल 2337 मतपत्र प्राप्त हुए। स्क्रीनिंग और प्रोजेक्टर के जरिए वोट दिखाने की प्रक्रिया के कारण मतगणना की रफ्तार धीमी रही। पहला परिणाम रात 11:24 बजे घोषित किया गया।

कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में योगीराज वर्मा को 851 वोट मिले। वहीं अविजित त्रिपाठी को 781, विवेक मिश्रा को 675, आकाश जसूजा को 672 और आकाश सोनी को 622 वोट प्राप्त हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राम नारायण व्यास ने परिणामों की घोषणा की।

घोषित परिणामों के अनुसार गुणेश निर्मलकर सह सचिव तथा नेहा राठौर सह सचिव (महिला) चुनी गई हैं। वहीं महेंद्र देवांगन ग्रंथालय सचिव और योगेश साहू सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव निर्वाचित हुए। महिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में योगिता धुरंधर और अमृता दीक्षित ने जीत दर्ज की।

मतगणना के दौरान मौसम ने भी व्यवधान डाला। शाम को तेज आंधी और बारिश के चलते बिजली गुल हो गई, जिससे कुछ समय के लिए मतगणना प्रभावित हुई। बाद में निर्वाचन टीम ने इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था कर प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई।

निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक कुल छह मतपेटियों में मतदान हुआ था। पेटी नंबर 1 में 301, पेटी नंबर 2 में 271, पेटी नंबर 3 में 382, पेटी नंबर 4 में 383, पेटी नंबर 5 में 637 और पेटी नंबर 6 में 363 वोट डाले गए।

गौरतलब है कि रायपुर अधिवक्ता संघ के 18 पदों के लिए चुनाव कराया गया था। मतदान 15 मई को संपन्न हुआ था, जबकि 16 मई को परिणाम घोषित किए गए। इस बार चुनावी मैदान में कुल 66 प्रत्याशी उतरे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here