IPL 2026 में आज धर्मशाला में होने वाला मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच मैच नहीं, बल्कि पिछले सीजन के फाइनल का हाईवोल्टेज रीमैच भी है। Royal Challengers Bengaluru और Punjab Kings एक बार फिर आमने-सामने हैं, लेकिन इस बार दोनों टीमों की परिस्थितियां बिल्कुल अलग नजर आ रही हैं।
एक तरफ RCB है, जिसने पिछले सीजन की शानदार लय को इस बार भी कायम रखा है और टीम प्लेऑफ में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। वहीं दूसरी ओर पंजाब किंग्स की शुरुआत दमदार रही थी, लेकिन लगातार पांच हार ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में धर्मशाला का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
मैच से पहले RCB को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान Rajat Patidar चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में विकेटकीपर बल्लेबाज Jitesh Sharma टीम की कप्तानी संभालेंगे। बताया जा रहा है कि पाटीदार पिछले मुकाबले में चोटिल हुए थे और वह टीम के साथ धर्मशाला भी नहीं पहुंचे हैं।
RCB को इस मुकाबले में एक बार फिर अपने स्टार बल्लेबाज Virat Kohli से बड़ी उम्मीदें होंगी। विराट पिछले मैच में शानदार शतक लगाकर जबरदस्त फॉर्म में लौट चुके हैं और धर्मशाला में भी फैंस की निगाहें उन्हीं पर टिकी रहेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट की बल्लेबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक हिमाचल पहुंच रहे हैं।
वहीं Shreyas Iyer की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं है। टीम ने सीजन के शुरुआती सात मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन अब लगातार हार ने प्लेऑफ की राह मुश्किल बना दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पंजाब किंग्स धर्मशाला में वापसी कर पाती है या फिर RCB जीत के साथ प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाती है।



