Home छत्तीसगढ़ कोरिया की सभी ग्राम पंचायतों में आठ जून को मनेगा रोजगार सह...

कोरिया की सभी ग्राम पंचायतों में आठ जून को मनेगा रोजगार सह आवास दिवस

0

जलसरंक्षण कार्यों की पूर्णता के साथ वीबी जीरामजी के बारे में जानेंगे श्रमिक

बैकुण्ठपुर: राज्य कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार कोरिया जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में आगामी 8 जून को रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में सभी ग्राम पंचायतों में उक्त आयोजन को कराए जाने संबंधी निर्देश प्रसारित कर दिए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि सात जून का रविवार का दिन होने के कारण इस बार रोजगार सह आवास दिवस को आगामी आठ जून को मनाए जाने के निर्देश हैं। इस रोजगार सह आवास दिवस के अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मांग के अनुसार ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों को नियोजित करने पर चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही आवास के हितग्राहियों के लिए विशेष तौर पर संसाधन जुटाने व बारिश के दौरान भी प्रगतिरत कार्यों को पूर्ण कराने पर कार्ययोजना बनाकर सप्लायरों से समन्वय कराया जाएगा।

रोजगार दिवस के अवसर पर ग्रामीण पंजीकृत श्रमिकों को आगामी समय में मांग दर्ज कराने और उसके अनुसार परिसंपत्तियों के निर्माण कराए जाने पर जानकारी प्रदान करते हुए लंबित मजदूरी भुगतान जाब कार्ड अपडेशन आदि का कार्य भी किया जाएगा। आवास के हितग्राहियों को 90 दिवस कार्यदिवस का रोजगार उपलब्ध कराए जाने पर ग्राम स्तर पर समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। रोजगार सह आवास दिवस पर श्रमिकों को आवास निर्माण में आ रही दिक्कतों को चिन्हित करने व लंबे समय से आवास की स्वीकृति पश्चात कार्य ना करने वाले हितग्राहियों को अंतिम सूचना पत्र भी ग्राम पंचायतों द्वारा जारी किए जाएंगे। राशि प्राप्त कर कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले हितग्राहियों को नोटिस जारी करते हुए अग्रिम राशि की वसूली की कार्यवाही के लिए भी ग्राम पंचायत स्तर पर चर्चा कर कार्यवाही कराई जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ डाॅ आशुतोष ने बताया कि रोजगार सह आवास दिवस में स्थानीय पंचायत पदाधिकारियों को शामिल करते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर प्रगतिरत समस्त जलसंरक्षण व जलसंवर्धन के कार्यों को आगामी एक सप्ताह में पूर्ण कराए जाने पर चर्चा कर कार्ययोजना बनाई जाएगी। जिससे सभी कार्य बारिश के पहले हर हाल में पूर्ण करा लिए जाएं। साथ ही इस आयोजन में आगामी एक जुलाई से आरंभ हो रही वीबी जीरामजी योजना के लाभ के बारे में भी विस्तार से श्रमिकों को अवगत कराया जाएगा। उन्होने सभी ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को व्यवस्थित ढंग से रोजगार सह आवास दिवस आयोजित कर ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों को इससे लाभान्वित कराने के निर्देश भी जारी किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here