Home छत्तीसगढ़ हमर ठीहा – सियान गुड़ी” : वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सेवा...

हमर ठीहा – सियान गुड़ी” : वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सेवा की अनूठी पहल

0

संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : नगर पंचायत नगरी के यादव भवन में इंदु फ्यूचर विंग्स फाउंडेशन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए “हमर ठीहा – सियान गुड़ी” का शुभारंभ किया गया। इस सेवा कार्य का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बलजीत छाबड़ा के करकमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं नगर के वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

संस्था का उद्देश्य

वर्तमान समय में एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति, युवाओं का रोजगार के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन तथा भागदौड़ भरी जीवनशैली के कारण अनेक वरिष्ठ नागरिक दिन के समय अकेलेपन और उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। यह अकेलापन केवल भावनात्मक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

इन्हीं समस्याओं के समाधान, वरिष्ठजनों के संरक्षण एवं उनके अनुभवों और विचारों को उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “हमर ठीहा – सियान गुड़ी” का संचालन डे-केयर सेंटर के रूप में किया जा रहा है। यहां वरिष्ठ नागरिकों को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकें, सामाजिक सहभागिता बढ़ा सकें तथा संस्कार और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। संस्था का प्रयास है कि प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक आत्मसम्मान, सुरक्षा और अपनत्व के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सके।

संस्था का इतिहास

इंदु फ्यूचर विंग्स फाउंडेशन विगत 16 वर्षों से स्टडी क्लब के माध्यम से स्कूली बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त संस्था पिछले 4 वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे सीजीपीएससी, व्यापम एवं अन्य एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवा रही है।

संस्था सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए समय-समय पर अंत्योदय राशन कार्डधारियों के लिए निःशुल्क विशेष कक्षाओं का संचालन करती है तथा बीपीएल कार्डधारी विद्यार्थियों को विशेष शुल्क रियायत प्रदान कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग करती है।

वरिष्ठजनों के लिए विशेष व्यवस्था

सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग, मनोरंजक खेल, टेलीविजन, समाचार पत्र, सामूहिक चर्चा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में नगर के 17 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन किया गया है, जो प्रतिदिन यहां आकर समय व्यतीत करेंगे। संस्था के सदस्य उनके साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार का अकेलापन महसूस न हो, इसका विशेष ध्यान रखेंगे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने संस्था के संस्थापक इंदु पटेल, पटेल मैडम डायमंड साहू अजय कुमार ध्रुव चेतन भट्ट ममता मोर्य एवं कंपटीशन एकेडमी के समस्त कर्म योद्धाएवं संपूर्ण फाउंडेशन टीम को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पहल नगर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मान, सुरक्षा और आत्मीयता का नया केंद्र बनेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का शॉल, साड़ी, वस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान भी किया गया।

यह पहल न केवल वरिष्ठजनों की देखभाल का माध्यम बनेगी, बल्कि उनके अनुभवों, संस्कारों और जीवन मूल्यों को समाज से जोड़ने का भी एक सशक्त प्रयास सिद्ध होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here