राजनगर अनुपपुर : क्षेत्रीय व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र, राजनगर (हसदेव क्षेत्र, एसईसीएल) में आज साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 से 60 प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रशिक्षक श्री अरविन्द सिंह की उपस्थिति में प्रशिक्षुओं को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जागरूकता कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही प्रशिक्षुओं को किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान की जानकारी भी दी गई। अभियान के उद्देश्य, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी प्रशिक्षुओं को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं से सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।



