मनेंद्रगढ़:- “पेड़ हमारे दोस्त हैं, ये हमें सांस लेने के लिए साफ हवा देते हैं।” यह मासूम सी बात आज लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल मनेंद्रगढ़ के केजी-2 (KG-2) के एक नन्हे छात्र ने पौधा लगाते हुए कही। मौका था ‘वन महोत्सव’ का, जिसके तहत इन छोटे-छोटे बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का पहला व्यावहारिक पाठ सिखाने के लिए स्कूल से बाहर एक खुले मैदान में ले जाया गया। वहाँ बच्चों ने मिलकर और अकेले, दोनों ही तरीकों से पौधे रोपे और प्रकृति के प्रति अपना प्यार जताया।
मैदान में पौधारोपण का नजारा बेहद खूबसूरत था। कुछ बच्चों ने अकेले ही पूरी लगन के साथ मिट्टी खोदी और अपना पौधा लगाया, जिससे उनका आत्मविश्वास देखने लायक था। वहीं, कुछ बच्चों ने टोलियां (ग्रुप) बना ली थीं। कोई पौधा पकड़ रहा था, कोई मिट्टी डाल रहा था, तो कोई अपनी छोटी वाटर बॉटल से पानी सींच रहा था। इस सामूहिक प्रयास से बच्चों ने न सिर्फ प्रकृति से जुड़ना सीखा, बल्कि मिल-जुलकर काम करने (टीम वर्क) की भावना को भी समझा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह और पर्यावरण के प्रति उनकी समझ देखने लायक थी। बच्चों ने बड़ों को सीख देते हुए बहुत ही मासूमियत से कहा, “हमें हमारी धरती को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। पेड़ हमें ऑक्सीजन, फल और छाया देते हैं। आइए, हम सब मिलकर एक पेड़ लगाएँ और अपने ग्रह को हरा-भरा रखें। पेड़ बचाओ, जीवन बचाओ। मुझे पेड़ों से बहुत प्यार है, क्या आपको भी है?” नन्हे बच्चों की इस प्यारी सी अपील और उनके इस सराहनीय प्रयास ने वहाँ मौजूद सभी का दिल जीत लिया।
वन महोत्सव का यह पूरा कार्यक्रम स्कूल के डायरेक्टर्स मो. फिरोज व रूहीन मंसूरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जिसमें चीफ लर्निंग ऑफिसर स्मृति गुप्ता, कोऑर्डिनेटर निशि विश्वकर्मा, मैनेजर इलियास खान, केजी-2 (KG-2) क्लास की शिक्षिका तस्लीम मंसूरी व श्रद्धा साव का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस वन महोत्सव में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



