
बैकुण्ठपुर कोरिया : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला कोरिया पुलिस द्वारा राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केंद्र सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक जिला कोरिया हरीश राठौर, भा.पु.से. द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। जिसमे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह, समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में रक्षित केंद्र बैकुण्ठपुर में रक्षित निरीक्षक द्वारा ध्वजारोहण किया गया। जिले के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारीगण द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्मरण कराता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान एवं कानून के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए आमजन की सुरक्षा, सेवा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।



