रायपुर : नवा रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने एक और बड़ा कदम उठाया है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने सेक्टर-12 में हाउसिंग बोर्ड फेस-2 के तहत प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया।
इस परियोजना के जरिए नवा रायपुर में आधुनिक आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। 29.20 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट में HIG और MIG श्रेणी के आवासों का निर्माण प्रस्तावित है।
119.89 करोड़ की लागत से बनेगा प्रोजेक्ट
सेक्टर-12 फेज-2 में करीब 119.89 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय परियोजना विकसित की जा रही है। परियोजना के तहत 348 भवनों के निर्माण के साथ कुल 704 नए फ्लैट तैयार किए जाएंगे।
इन आवासीय भवनों की बेस कीमत श्रेणी के अनुसार करीब 45.70 लाख रुपये से 85.117 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। परियोजना के पूरा होने से नवा रायपुर में बेहतर आवासीय विकल्प उपलब्ध होंगे।
5 लाख लोगों को नवा रायपुर में बसाने का लक्ष्य
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर में बड़ी संख्या में नए आवासों के निर्माण से सरकार के 5 लाख लोगों को नवा रायपुर में शिफ्ट करने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केवल मकानों का निर्माण ही नहीं, बल्कि लोगों की जरूरतों के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं का विकास भी प्राथमिकता में है। नवा रायपुर में आवासीय परियोजनाओं के साथ सड़क, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की आवासीय योजनाओं को लोगों से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। नए प्रोजेक्ट के जरिए नवा रायपुर में रहने के इच्छुक लोगों को बेहतर और व्यवस्थित आवासीय विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सेक्टर-12 फेज-2 के इस प्रोजेक्ट से नवा रायपुर में आवासीय विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।




