धमतरी/बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तीजा पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। तीजा पर अपनी बहन को मायके से घर लाने पहुंचे भाई की वापसी के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दामेश्वर सिन्हा और उनकी बहन नीता सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।
बहन को तीजा पर लेने आया था भाई
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला पुरूर थाना क्षेत्र का है। बड़े गौरी गांव निवासी दामेश्वर सिन्हा शनिवार को तीजा पर्व के मौके पर अपनी बहन नीता को लेने के लिए मोखा गांव पहुंचे थे। बहन को साथ लेकर दोनों बाइक से बड़े गौरी गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान पुरूर के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
टक्कर के बाद पिकअप छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ चालक की पहचान और उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।




