Home छत्तीसगढ़ अंबिकापुर में सियासी जमावड़े के बीच पूर्व सीएम से मिले हाफिज मेमन...

अंबिकापुर में सियासी जमावड़े के बीच पूर्व सीएम से मिले हाफिज मेमन और स्वप्निल सिन्हा

0

युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर हुई चर्चा, मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एमसीबी तक बढ़ी राजनीतिक हलचल

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव के बीच सरगुजा संभाग में कांग्रेस की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अंबिकापुर में आयोजित संभाग स्तरीय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के बीच कांग्रेस नेताओं की बैठकों और मुलाकातों ने युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर चर्चाओं को और हवा दे दी है।

इसी क्रम में एमसीबी जिला युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता तथा पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने अंबिकापुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। यह मुलाकात दानिश रफीक के निवास पर हुई। इस दौरान युवा नेता शिवम सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।

बताया गया कि मुलाकात के दौरान वर्तमान में चल रही युवा कांग्रेस की सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया, मतदान सहित संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। चुनावी प्रक्रिया के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर एमसीबी और सरगुजा संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मतदान के बीच मुलाकात ने खींचा ध्यान

युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव की मतदान प्रक्रिया के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात को स्थानीय राजनीतिक हलकों में खासा महत्व दिया जा रहा है। मुलाकात के दौरान संगठन की जमीनी स्थिति, चुनावी प्रक्रिया और कार्यकर्ताओं से जुड़े फीडबैक पर चर्चा होने की बात सामने आई है।

मुलाकात की तस्वीरें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाने के बाद इसकी चर्चा अंबिकापुर से लेकर एमसीबी तक होने लगी। हालांकि, मुलाकात को लेकर नेताओं की ओर से किसी विशेष चुनावी समर्थन अथवा आधिकारिक राजनीतिक निर्णय की घोषणा सामने नहीं आई है।

प्रदेश अध्यक्ष चुनाव पर सबकी नजर

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भी संगठन के भीतर गतिविधियां तेज हैं। मतदान प्रक्रिया के बीच विभिन्न नेताओं और समर्थकों की सक्रियता राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सत्येंद्र चेलक और शैलेन्द्र बंजारे के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं।

अंबिकापुर में एक ओर जहां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ, वहीं दूसरी ओर युवा कांग्रेस से जुड़े नेताओं की पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात ने संगठनात्मक चुनाव के माहौल को और चर्चित कर दिया है। अब चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तथा परिणाम सामने आने के बाद ही तस्वीर और स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here