
बैकुंठपुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को कोरिया जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने दो अहम मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। श्री पैकरा ने कोरिया जिले के किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र निराकरण की अपील की।
🔸 पहली मांग के तहत श्री पैकरा ने कोरिया जिले में बीज प्रक्रिया केन्द्र की स्थापना की मांग की। उन्होंने ज्ञापन में उल्लेख किया कि पूर्व में अविभाजित कोरिया जिले में बीज प्रक्रिया केन्द्र लोहारी में संचालित था, लेकिन जिले के विभाजन के बाद यह केन्द्र नवगठित एमसीबी जिले में चला गया, जिससे कोरिया जिला बीज प्रक्रिया की सुविधा से वंचित हो गया है। इसका प्रतिकूल असर किसानों पर पड़ा है, जिन्हें अब बीज प्रसंस्करण के लिए अन्य जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है।
🔸 दूसरी मांग में उन्होंने बैकुंठपुर स्थित उप संचालक कृषि कार्यालय की जर्जर स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कार्यालय भवन काफी जर्जर हो चुका है और बारिश के दौरान इसमें पानी भर जाता है, जिससे अधिकारी-कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि नए भवन का निर्माण शीघ्र कराया जाए ताकि कर्मचारियों की कार्यक्षमता और जनसुरक्षा दोनों सुनिश्चित की जा सके।
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान श्री पैकरा ने कहा कि यदि इन दोनों मांगों को शीघ्र स्वीकृति मिलती है तो इससे जिले के हजारों किसानों को लाभ होगा और प्रशासनिक व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
—



