Home छत्तीसगढ़ सीएम विष्णुदेव साय ने रायगढ़-सारंगढ़-सरायपाली एनएच को लेकर तंज कसा

सीएम विष्णुदेव साय ने रायगढ़-सारंगढ़-सरायपाली एनएच को लेकर तंज कसा

0

रायगढ़ : सुशासन तिहार के तहत रायगढ़ पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की समीक्षा की। बैठक में सीएम ने रायगढ़-सारंगढ़-सरायपाली एनएच को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस सडक़ की तारीफ उनको दिल्ली में करनी पड़ेगी। रायगढ़ से सरायपाली तक बन रही टूलेन एनएच 153 अब तक के सबसे लंबे चलने वाले प्रोजेक्ट में गिना जा रहा है। अफसरों की लापरवाही और ठेका कंपनी की मनमानी के कारण सडक़ दस साल में भी पूरी नहीं बन सकी है। तीन ठेका कंपनियां भी इसे पूरा करने में नाकाम रहीं। करीब 86 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट का ठेका एरा इंफ्रा ने लिया था, लेकिन कंपनी दिवालिया हुई तो काम भी अटक गया।

ठेका सबलेट किया गया, लेकिन नई कंपनी जेएस ग्रोवर कंस्ट्रक्शन भी काम पूरा नहीं कर सकी और भाग गई। 328 करोड़ में पूरे रोड का टेंडर दिया गया था। रोड निर्माण में कई तकनीकी खामियां हैं, जिन्हें देखने के बावजूद पेमेंट किया जाता रहा। अब इस रोड को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी नाराज हो गए हैं। मंगलवार को कनकबीरा और रायगढ़ के समाधान शिविर में उनको शामिल होना था। कनकबीरा से उनको हेलीकॉप्टर में ही रायगढ़ आना था लेकिन मौसम खराब होने के कारण बाई रोड ही आना पड़ा।

वे कनकबीरा, दानसरा, चंद्रपुर होते हुए रायगढ़ पहुंचे। इसके बाद समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि इस रोड की तारीफ अब उनको दिल्ली में करनी पड़ेगी। जगह-जगह सडक़ में दरारें आ चुकी हैं, जिस पर सीएम की नजर पड़ी। रोड का गुणवत्ताहीन निर्माण किया गया, उसी वजह से दरारें आ गई हैं। दानसरा से बड़े भंडार के बीच ज्यादा दरारें हैं। कई जगहों पर कांक्रीट भी उखड़ चुका है। बैठक मेें सीएम के तंज कसने पर कई अफसर बगलें झांकते नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here