Home छत्तीसगढ़ कोरिया में ‘ट्री हाउस’ में ठहरने का होगा अनोखा अनुभव, ऑनलाइन बुकिंग...

कोरिया में ‘ट्री हाउस’ में ठहरने का होगा अनोखा अनुभव, ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू

0

सुरेश मिनोचा कोरिया : छत्तीसगढ़ में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से होटल एवं रिसॉर्ट की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत घुनघुट्टा में नवनिर्मित ‘कोरिया ट्री हाउस’ के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। प्राकृतिक वातावरण के बीच लकड़ी से निर्मित यह ट्री हाउस पर्यटकों को एक अनोखा और यादगार अनुभव प्रदान करेगा।

पर्यटन बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्री हाउस के लिए सीजन के आधार पर अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं। नॉन पीक सीजन (1 अप्रैल से 30 जून) के दौरान सप्ताह के सभी दिनों सोमवार से रविवार तक-सिंगल आवास के लिए 2100 रुपये, डबल के लिए 2625 रुपये तथा अतिरिक्त व्यक्ति सहित 3150 रुपये का शुल्क तय किया गया है।

वहीं पीक सीजन (1 जुलाई से 31 मार्च) में सोमवार से गुरुवार तक सिंगल के लिए 2625 रुपये, डबल के लिए 3150 रुपये तथा अतिरिक्त व्यक्ति सहित 3750 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सिंगल के लिए 2835 रुपये, डबल के लिए 3360 रुपये तथा अतिरिक्त व्यक्ति सहित 3885 रुपये का किराया लागू होगा।

पर्यटकों और युवाओं को आकर्षित करने के लिए यहां प्री-वेडिंग एवं वीडियो शूटिंग की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए 15,000 रुपये प्रति दिवस (जीएसटी सहित) का शुल्क निर्धारित किया गया है। यदि रिसॉर्ट में दो कक्ष रिक्त रहते हैं, तो उन्हें ‘फ्रेश एंड चेंज’ के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक अधिकतम 10 व्यक्तियों के लिए मान्य होगी।

पर्यटन प्रबंधन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शूटिंग के दौरान अन्य पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। नियमों के उल्लंघन या किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि पाए जाने पर प्रबंधन को कक्ष/परिसर खाली कराने का पूर्ण अधिकार होगा तथा किसी भी स्थिति में राशि वापस नहीं की जाएगी। आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।

ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया को भी बेहद सरल बनाया गया है। पर्यटक छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पसंद का शहर या पर्यटन स्थल चुन सकते हैं। इसके बाद उपलब्ध होटल या रिसॉर्ट का चयन कर चेक-इन एवं चेक-आउट की तिथि, कमरों की संख्या, अतिथियों की संख्या और संपर्क विवरण दर्ज करना होगा। बुकिंग को अंतिम रूप देने के लिए डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।

इस पोर्टल के माध्यम से पर्यटक रीयल-टाइम में कमरों की उपलब्धता और किराए की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे यात्रा की योजना बनाना और भी आसान हो गया है। इस प्रयास से न केवल कोरिया जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही, प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here