महासमुंद : तुमगांव नपं तुमगांव स्थित श्री कृष्णा कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र द्वारा शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण में 70 छात्र-छात्राओं को कानन पेंडारी चिड़ियाघर, वंडर वर्ल्ड, ऊर्जा पार्क तथा अंत में मां महामाया मंदिर, रतनपुर का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कानन पेंडारी चिड़ियाघर में विलुप्त होती प्रजातियों को नज़दीक से देखा तथा उनके संरक्षण के महत्व को समझा, जिससे उनमें पर्यावरण एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता विकसित हुई।
इसके पश्चात ऊर्जा पार्क के भ्रमण में विद्यार्थियों को सौर ऊर्जा, विद्युत उत्पादन एवं ऊर्जा संरक्षण से संबंधित व्यावहारिक एवं विषयगत जानकारी प्राप्त हुई, जिससे पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर मिला। शैक्षणिक भ्रमण के अंतिम चरण में सभी छात्र-छात्राओं ने मां महामाया मंदिर, रतनपुर में दर्शन कर अपने उज्ज्वल भविष्य, सफलता एवं सद्बुद्धि की कामना की। पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रत्येक स्थल पर पूर्ण अनुशासन, मर्यादित व्यवहार एवं आपसी सहयोग का विशेष ध्यान रखा।
संस्थान प्रबंधन ने विद्यार्थियों के अनुशासित व्यवहार, सीखने की जिज्ञासा एवं सहयोग की सराहना करते हुए इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं सफल बताया तथा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



